हरिद्वार : पुलिस कस्टडी में घायल हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की मौत, 750 करोड़ रुपये की चोरी से जुड़ा था मामलाहरिद्वार जिले के लक्सर में पुलिस कस्टडी के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इतिहासशीटर विनय त्यागी की शुक्रवार देर रात ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई ।
जानकारी के अनुसार, विनय को कोर्ट पेशी के लिए जेल से लक्सर लाया जा रहा था, तभी दो अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वैन पर फायरिंग कर दी । इसी दौरान हुई गोलीबारी में विनय त्यागी को भी गोली लग गई थी । पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।विनय त्यागी पर आरोप था कि उसने NHAI ठेकेदार के कथित दो नंबर के करीब 750 करोड़ रुपये, सोना और जमीन से जुड़े कागजात चोरी किए थे ।
मृतक की बहन सीमा त्यागी का दावा है कि ठेकेदार ने ED की जांच से बचाने के लिए यह माल देहरादून स्थित अपने एक डॉक्टर मित्र के घर में छिपाया था, जिसे विनय ने वहां से निकाल लिया था और इसे प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंपने की तैयारी कर रहा था ।सीमा त्यागी के अनुसार, इसी दौरान पुलिस ने विनय को गिरफ्तार कर लिया ।
उसका कहना है कि विनय की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।मृतक से जुड़े मामले में ठेकेदार का संबंध मेरठ क्षेत्र से बताया जा रहा है । फिलहाल पुलिस का कहना है कि वह घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है ।
Edited by Hari Bhan Yadav