Breaking News

Saturday, April 5, 2025

उत्तर प्रदेश फारवर्ड ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता रामकिशोर का निधन

लखनऊ, 5 अप्रैल 2025 : उत्तर प्रदेश फारवर्ड ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष, सोशलिस्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष और डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य अकादमी के संस्थापक महामंत्री रामकिशोर का शुक्रवार रात 8:30 बजे लखनऊ के अलीगंज स्थित आवास पर निधन हो गया। वे लंबे समय से पैंक्रियाज कैंसर से पीड़ित थे और इलाजरत थे।

रामकिशोर जी का इलाज जुलाई 2023 से चल रहा था। उनकी तबीयत बिगड़ने पर 14 मार्च को उन्हें बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के बाद 18 मार्च को उन्हें उनकी इच्छा के अनुसार लखनऊ लाया गया और एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया। हालत में सुधार के चलते उन्हें 1 अप्रैल को घर ले जाया गया था।

पत्नी मधु श्रीवास्तव के अनुसार, 3 अप्रैल को वे पहले से बेहतर महसूस कर रहे थे और परिचितों से बातचीत भी कर रहे थे। लेकिन रात को नींद नहीं आई और अगले दिन यानी 4 अप्रैल सुबह से ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शाम करीब 7 बजे उनका शुगर लेवल गिरकर 45 हो गया, जिसके बाद उन्हें शुगर का घोल पिलाया गया। रात 8 बजे के करीब उनकी आंखें बंद होने लगीं। मौजूद अटेंडेंट ने बताया कि उनकी नाड़ी नहीं चल रही है। पड़ोस के डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि की।

रामकिशोर जी अपने पीछे पत्नी मधु श्रीवास्तव, पुत्र अमित किशोर और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार 5 अप्रैल को दोपहर 2 बजे बालू अड्डा स्थित भैंसाकुंड श्मशान घाट पर किया जाएगा।

उनके निधन की खबर फैलते ही देशभर से शोक संदेश आने लगे। बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे।

पीपुल्स यूनिटी फोरम के संयोजक एडवोकेट वीरेंद्र त्रिपाठी, एआईडब्लूसी के अध्यक्ष ओ.पी. सिन्हा, नागरिक परिषद के संयोजक के.के. शुक्ला, जन संस्कृति मंच के अध्यक्ष कौशल किशोर, और सीएफडी के एडवोकेट प्रभात कुमार सहित कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक संवेदना प्रकट की है।

-हरिभान यादव